संजीता गुप्ता को लघु वनोपज संघ की जिम्मेदारी, अमरनाथ प्रसाद को वन विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार; कई अधिकारियों को नई पदस्थापना
छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के सात अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए इस फेरबदल में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। आदेश के अनुसार, इनमें से कुछ नियुक्तियां 31 जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी।
रायपुर। राज्य सरकार ने वन विभाग में प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से भारतीय वन सेवा (IFS) के सात अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासनिक आधार पर जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार देकर विभागीय कार्यों की जिम्मेदारी बढ़ाई गई है।


जारी आदेश के अनुसार, संजीता गुप्ता को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ का प्रभारी प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। वहीं एस. वेंकटाचलम को प्रतिनियुक्ति पर लघु वनोपज संघ का कार्यकारी संचालक बनाया गया है। अमरनाथ प्रसाद अपने वर्तमान पद सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग पर कार्यरत रहेंगे। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
प्रतिनियुक्ति से लौटे अभिषेक कुमार सिंह को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कार्यालय में वन संरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। इसी प्रकार गुरुनाथन एन. को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र संचालक नियुक्त किया गया है।
प्रणय मिश्रा को गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व का प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र संचालक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रोजेक्ट एलीफैंट का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं रमेश कुमार जांगड़े को छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक (प्रभारी) की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सूची में शामिल पहले तीन अधिकारियों की नई पदस्थापना 31 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। इस प्रशासनिक फेरबदल को वन विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।