शुभमन गिल कप्तान, केएल राहुल उपकप्तान; बुमराह और साई सुदर्शन का चयन फिटनेस पर निर्भर, पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है, जबकि मध्य प्रदेश के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को फिटनेस के आधार पर टीम में रखा गया है।
नई दिल्ली (ए)। श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयनकर्ताओं ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन पर भरोसा जताते हुए शुभमन गिल को कप्तान और केएल राहुल को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं लंबे समय बाद अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की टेस्ट टीम में वापसी हुई है।
इस टीम की सबसे बड़ी खासियत मध्य प्रदेश के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन का चयन है। घरेलू क्रिकेट और हालिया इंडिया-ए दौरे पर शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें पहली बार राष्ट्रीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। श्रीलंका-ए के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबले में उन्होंने नाबाद 70 रन बनाने के साथ छह विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया था। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 54 मैचों में 2,223 रन और 188 विकेट दर्ज हैं।
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि कप्तान शुभमन गिल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल भी टीम में शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभालेंगे, जबकि ध्रुव जुरेल दूसरे विकेटकीपर के रूप में टीम का हिस्सा होंगे।
स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और मानव सुथार पर भरोसा जताया गया है। श्रीलंका की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की संख्या को देखते हुए ऑफ स्पिनर सारांश जैन भी टीम के लिए उपयोगी विकल्प माने जा रहे हैं।
तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा संभालेंगे, जबकि जसप्रीत बुमराह के खेलने पर अंतिम फैसला उनकी फिटनेस रिपोर्ट के बाद लिया जाएगा। वहीं श्रीलंका-ए के खिलाफ 10 विकेट लेने वाले गुरनूर बराड़ भी प्लेइंग-11 में जगह बनाने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
हालांकि टीम चयन के दौरान कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस चिंता का विषय रही। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोट के कारण टीम से बाहर रहे, जबकि वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के चलते पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे।