जगदलपुर-चित्रकोट, नगरनार-ओडिशा और दंतेवाड़ा-बीजापुर मार्ग के फोरलेन निर्माण सहित रिंग रोड, भारतमाला कॉरिडोर और सड़क सुरक्षा परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने का आग्रह
जगदलपुर। बस्तर क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूत कर विकास की नई संभावनाओं को गति देने की दिशा में बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सात महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का प्रस्ताव सौंपा है। सांसद ने कहा कि नक्सल प्रभाव में कमी आने के बाद बस्तर में पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं। ऐसे में क्षेत्र को आधुनिक राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
सड़क विकास से बदलेगी बस्तर की तस्वीर
सांसद ने अपने प्रस्ताव में जगदलपुर-नगरनार-ओडिशा सीमा, जगदलपुर-दंतेवाड़ा-बीजापुर-भोपालपटनम-तेलंगाना सीमा तथा जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग को फोरलेन में विकसित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटन और माल परिवहन भी सुगम होगा।
इसके अलावा जगदलपुर को भारतमाला परियोजना के आर्थिक कॉरिडोर से जोड़ने, शहर में रिंग रोड अथवा बायपास निर्माण, बस्तर संभाग के सभी जिला मुख्यालयों को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने तथा सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट सुधार, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज और पुल-पुलियों के निर्माण की भी मांग रखी गई है।
सांसद महेश कश्यप ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं को मंजूरी मिलने से बस्तर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और पर्यटन, उद्योग, व्यापार, रोजगार तथा जनजातीय अंचलों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।