टेस्टिंग से पहले टंकी पर चढ़ रहे युवा और किशोर; पैर लटकाकर वीडियो बनाने का मामला सामने आया, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दुर्ग-भिलाई। भिलाई नगर निगम की नई पानी टंकी अब स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है। जोन-2 के वार्ड-26 स्थित आजाद चौक में बनी करीब 70 फीट ऊंची जल टंकी पर बच्चे और युवा खुलेआम चढ़कर सेल्फी, फोटो शूट और खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ किशोर टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठकर पैर बाहर लटकाते और वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
ऊंचाई पर लापरवाही, वीडियो ने बढ़ाई चिंता
वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई देता है कि कई बच्चे टंकी के शीर्ष तक पहुंच गए और वहां मस्ती करते हुए फोटो व वीडियो बना रहे हैं। एक किशोर करीब 70 फीट की ऊंचाई पर बैठकर दो बार अपने दोनों पैर टंकी के बाहर लटकाता नजर आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी भी चूक किसी जानलेवा दुर्घटना में बदल सकती थी।
गार्ड तैनात, फिर भी नहीं रुक रही आवाजाही
मोहल्ले के निवासियों के अनुसार टंकी के नीचे सुरक्षा के लिए गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन इसके बावजूद बच्चे और युवा किसी न किसी रास्ते से ऊपर पहुंच जाते हैं। गार्ड द्वारा कई बार समझाने और रोकने की कोशिश के बावजूद वे उसकी बात नहीं मानते और लगातार टंकी पर चढ़ते रहते हैं।
अभी शुरू भी नहीं हुई नियमित जलापूर्ति
जानकारी के अनुसार यह पानी टंकी रामनगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से भिलाई नगर निगम द्वारा निर्मित कराई गई है। इसकी क्षमता लगभग 2000 किलोलीटर है और निर्माण कार्य हाल ही में पूरा हुआ है। अभी टंकी की टेस्टिंग प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है और नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई है।
सेल्फी स्पॉट में बदल रही सार्वजनिक संपत्ति
स्थानीय लोगों का कहना है कि नई टंकी बनने के बाद से यह युवाओं के लिए सेल्फी और रील बनाने का पसंदीदा स्थान बन गई है। अक्सर बच्चे और युवक टंकी पर चढ़कर वीडियो शूट करते हैं और सोशल मीडिया के लिए कंटेंट तैयार करते हैं। कई बार समझाने के बावजूद यह गतिविधियां बंद नहीं हुई हैं।
सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग
मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि टंकी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए। ऊपर जाने वाले रास्ते को पूरी तरह बंद किया जाए, अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए और स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति अपनी जान जोखिम में डालकर टंकी पर चढ़ने का प्रयास न करे। उनका कहना है कि समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।