शंकर नगर के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में दोहराई वारदात, लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में नाराजगी; गश्त बढ़ाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज
राजधानी के पॉश माने जाने वाले शंकर नगर क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में चोरों ने तीसरी मंजिल पर संचालित वनोरा रेस्टोरेंट के एयर कंडीशनर की महंगी कॉपर वायरिंग चोरी कर ली। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि पूर्व शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
रायपुर। राजधानी के शंकर नगर मेन रोड स्थित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में एक बार फिर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए वारदात को अंजाम दिया। इस बार निशाने पर तीसरी मंजिल पर संचालित वनोरा रेस्टोरेंट रहा, जहां एयर कंडीशनर (एसी) की महंगी कॉपर वायरिंग चोरी कर ली गई। घटना के बाद व्यापारियों में रोष व्याप्त है और उन्होंने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल की छत पर विभिन्न प्रतिष्ठानों के एसी के आउटडोर यूनिट लगे हुए हैं। इसी स्थान को चोर बार-बार निशाना बना रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार एसी की कॉपर वायरिंग और अन्य महंगे पुर्जे चोरी हो चुके हैं, जिससे कारोबारियों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
व्यापारियों का आरोप है कि पूर्व में भी संबंधित थाने में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ गए हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए होते, तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती।
पहले भी बन चुका है निशाना
व्यापारियों ने बताया कि 17 जून 2024 की मध्यरात्रि में भी शंकर नगर स्थित आकाश टावर की छत पर लगे मोती महल रेस्टोरेंट के एयर कंडीशनर का करीब 30 फीट कॉपर पाइप चोरी कर लिया गया था। उस मामले में मकान मालिक ने खम्हारडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अलावा अप्रैल माह में भी इसी तरह की चोरी की घटना हुई थी। वहीं करीब एक माह पहले पड़ोसी यूनिवर्सल टी.वी. शोरूम में भी एसी का कॉपर पाइप चोरी होने का मामला सामने आया था।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार हो रही वारदातों ने शंकर नगर जैसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर रात के समय वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ समय पहले गीतांजलि कॉलोनी रोड पर एक पान दुकान का शटर तोड़कर भी चोरी की गई थी, जिसकी शिकायत भी पुलिस में दर्ज है।
व्यापारियों ने रखीं ये मांगें
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की जाए, नियमित रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन सहित अन्य कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।