छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन जारी; फर्जी कॉल से सतर्क रहने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की अपील
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (माशिमं) की द्वितीय मुख्य व अवसर परीक्षा समाप्त होने के बाद अब उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन का काम तेजी से चल रहा है। इस बीच, परीक्षा में पास कराने और अंक बढ़ाने के नाम पर फर्जी कॉल के जरिए पैसों की ठगी करने वाले गिरोह से सावधान रहने के लिए माशिमं ने विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित द्वितीय मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं को जांचने का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। परिणाम घोषित होने से पहले ही फर्जी कॉल करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं। बीते वर्षों (2024 और 2025) की तर्ज पर इस बार भी विद्यार्थियों और उनके पालकों को ऐसे कॉल आने की आशंका जताई जा रही है, जिनमें नंबर बढ़ाने, फेल छात्र को पास कराने या परिणाम में सुधार का झांसा देकर पैसों की मांग की जाती है।
मण्डल प्रशासन ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सार्वजनिक सूचना जारी की है। माशिमं के अनुसार, यदि किसी भी छात्र या पालक को ऐसा कोई संदिग्ध कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें और न ही किसी प्रकार का वित्तीय लेन-देन करें।
पुलिस थाने में दर्ज कराएं शिकायत
माशिमं ने साफ किया है कि इन फर्जी कॉल और अवैध राशि की मांग से मण्डल का कोई लेना-देना नहीं है। बोर्ड की मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और सुरक्षित है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा ऐसा प्रलोभन दिया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने निकटतम पुलिस थाने में देकर प्राथमिकी दर्ज कराएं। अभिभावक और छात्र ऐसे असामाजिक तत्वों के झांसे में आने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें।