सेंसेक्स 76,250 के आसपास और निफ्टी 23,850 पर; ऑटो, आईटी, मीडिया व रियल्टी शेयरों में बिकवाली का दबाव
मुंबई (ए)। अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया। बुधवार को कारोबार शुरू होते ही बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। सेंसेक्स 700 से अधिक अंक लुढ़ककर 76,250 के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 200 अंक टूटकर 23,850 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को निवेशकों का भरोसा कमजोर नजर आया। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच घरेलू बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान तेज गिरावट दर्ज की गई।
सेंसेक्स मंगलवार के 76,944 के स्तर के मुकाबले बुधवार को 76,471 पर खुला। कारोबार शुरू होने के कुछ ही मिनटों में इसमें तेज गिरावट आई और सूचकांक 76,135 के स्तर तक फिसल गया। हालांकि, बाद में निचले स्तरों से कुछ सुधार देखने को मिला।
निफ्टी भी दबाव में रहा। मंगलवार को 24,056 पर बंद हुआ निफ्टी बुधवार को 23,858 के स्तर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 23,804 तक नीचे आ गया। बाद में इसमें भी मामूली रिकवरी दर्ज हुई।
सेक्टरवार कारोबार में ऑटो, आईटी, मीडिया और रियल्टी कंपनियों के शेयरों में ज्यादा बिकवाली देखी गई। बाजार में गिरावट के पीछे अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता सैन्य तनाव प्रमुख कारणों में शामिल रहा।
दीपा ज्वेलर्स IPO का दूसरा दिन
इधर, दीपा ज्वेलर्स के आईपीओ में बुधवार को बोली लगाने का दूसरा दिन है। निवेशक 3 सितंबर तक इश्यू में आवेदन कर सकते हैं। आईपीओ में न्यूनतम निवेश के लिए 14,868 रुपए की राशि रखी गई है। कंपनी इस इश्यू के माध्यम से करीब 459.72 करोड़ रुपए जुटाने की योजना लेकर बाजार में आई है।