गुढ़ियारी में आर्म्स एक्ट के तहत केस, उरला में शराब मामले में कार्रवाई; खम्हारडीह, पंडरी और खमतराई में 8 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गुढ़ियारी में एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि उरला में शराब के मामले में केस दर्ज किया गया। इसके अलावा खम्हारडीह, पंडरी और खमतराई क्षेत्र में 8 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
चाकू लेकर घूम रहा था युवक
गुढ़ियारी पुलिस ने शुक्रवारी बाजार निवासी जुगनू साहू उर्फ गोलू (35) को धारदार हथियार के साथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 382/2026 दर्ज करते हुए धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
शराब के मामले में केस
उरला थाना पुलिस ने अटल आवास निवासी राजू भारती (47) के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 417/2026 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला बनाया गया।
8 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
त्योहारों के मद्देनजर शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तीन थाना क्षेत्रों में 8 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। खम्हारडीह में 4 बदमाशों पर धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई हुई। वहीं पंडरी और खमतराई में दो-दो लोगों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
बढ़ाई गई गश्त और निगरानी
पुलिस के मुताबिक त्योहारों के दौरान चाकूबाजी, अवैध शराब और उपद्रव जैसी घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। यह अभियान पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के नेतृत्व में चलाया गया। एसीपी उरला पूर्णिमा लामा और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संबंधित थानों की टीमों ने कार्रवाई की। पुलिस ने कहा है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।