87% प्रगति के साथ जिला अव्वल, 47,350 प्लॉटों का सर्वे पूरा; सरसींवा और भटगांव तहसील 93% से ज्यादा आगे
रायपुर। खेती-किसानी से जुड़े आंकड़ों को डिजिटल रूप देने के अभियान में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। डिजिटल क्रॉप सर्वे में 87 प्रतिशत प्रगति के साथ जिला प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। वहीं जिले में अब तक 53,524 लक्षित प्लॉटों में से 47,350 का सर्वे पूरा हो चुका है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के क्रियान्वयन में प्रदेश के दूसरे जिलों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट में खैरागढ़ 86 प्रतिशत के साथ दूसरे और कोरिया 81 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।
जिले में सर्वे की रफ्तार बढ़ाने के लिए प्रशासन की ओर से मैदानी अमले की लगातार निगरानी की जा रही है। 6 सितंबर को शाम 4.30 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार कुल 53 हजार 524 प्लॉटों में से 47 हजार 350 प्लॉटों का सर्वे पूरा हो चुका था। यह 88.45 प्रतिशत की प्रगति है। इनमें से 35 हजार 476 सर्वे को मंजूरी भी दी जा चुकी है। अनुमोदन की दर 74.93 प्रतिशत है।
सरसींवा सबसे आगे
तहसीलवार प्रदर्शन में सरसींवा ने सबसे बेहतर काम किया है। यहां 8,187 में से 7,653 प्लॉटों का सर्वे पूरा हो चुका है। तहसील की प्रगति 93.27 प्रतिशत है और 5,348 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं। भटगांव भी 93 प्रतिशत से अधिक प्रगति के साथ दूसरे स्थान पर है। यहां 6,235 में से 5,847 प्लॉटों का सर्वे पूरा हुआ है, जो 93.15 प्रतिशत है। 3,748 सर्वे अनुमोदित हो चुके हैं।
सारंगढ़ में 88.60 प्रतिशत सर्वे
जिले की बड़ी तहसीलों में शामिल सारंगढ़ में 16,134 प्लॉटों में से 14,032 का सर्वे पूरा हो गया है। यहां 88.60 प्रतिशत काम पूरा हुआ है और 12,061 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं। अनुमोदन की दर 84.36 प्रतिशत है। सारिया में 86.64 प्रतिशत, बिलाईगढ़ में 85.49 प्रतिशत और बरमकेला में 84.49 प्रतिशत सर्वे पूरा हो चुका है।
100 प्रतिशत लक्ष्य तक जारी रहेगी मॉनिटरिंग
जिले के प्रदेश में अव्वल रहने के बाद कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों और तहसीलदारों को सर्वे की गति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। लंबित प्लॉटों का सर्वे जल्द पूरा करने, नियमित समीक्षा करने और मैदानी अमले के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया है। प्रशासन का लक्ष्य शेष काम पूरा कर डिजिटल क्रॉप सर्वे में जिले को प्रदेश में लगातार शीर्ष पर बनाए रखना है।