एक दिन में चांदी ₹1,891 महंगी, सोने में ₹355 की बढ़त; एक्सपर्ट्स का अनुमान- दिसंबर तक सोना ₹1.70 लाख और चांदी ₹3 लाख तक पहुंच सकती है
नई दिल्ली (ए)। सोने-चांदी के बाजार में एक बार फिर तेजी का रुख देखने को मिला है। 9 सितंबर को 24 कैरेट सोने की कीमत 355 रुपए बढ़कर 1.53 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी 1,891 रुपए उछलकर 2.36 लाख रुपए प्रति किलो पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता और केंद्रीय बैंकों की सोने में बढ़ती दिलचस्पी के चलते आने वाले महीनों में कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।
इस साल सोना 20 हजार रुपए तक चढ़ा
साल 2026 में सोने की कीमत में करीब 20 हजार रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1.33 लाख रुपए था, जो अब बढ़कर 1.53 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। चांदी भी 31 दिसंबर के करीब 2.30 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर से बढ़कर 2.36 लाख रुपए हो गई है। इस साल जनवरी में सोने और चांदी ने बेहद ऊंचे स्तर भी देखे। 29 जनवरी को सोना 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी।
दिसंबर तक और महंगी हो सकती है चांदी
कोटक सिक्युरिटीज के सीनियर वीपी एवं कमोडिटी रिसर्च हेड अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक सोने को आम निवेशकों के साथ दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों की खरीदारी का भी सहारा मिल रहा है। ऐसे में वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रहने पर सोने में तेजी जारी रह सकती है। उनके अनुमान के मुताबिक दिसंबर तक सोने का भाव 1.70 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। वहीं चांदी में भी तेजी लौटने पर इसका भाव 3 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर तक जाने की संभावना है।