तेलीबांधा-पचपेढ़ी नाका में ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई; नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया, चालकों पर जुर्माना
रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों के खिलाफ अभियान चलाया। तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका क्षेत्र में प्रतिबंधित समय में शहर में दाखिल हुए 7 भारी मालवाहक वाहनों को पकड़कर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं सड़क और फुटपाथ पर यातायात में बाधा बनकर खड़े वाहनों को क्रेन और टोइंग वाहनों की मदद से हटाया गया।
प्रतिबंधित समय में घुस रहे थे भारी वाहन
शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश के लिए समय और मार्ग निर्धारित हैं। इसके बावजूद कुछ चालक तय समय का उल्लंघन कर शहर के भीतर पहुंच रहे थे। इससे प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने और जाम की स्थिति बनने की आशंका रहती है।
तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका इलाके में जांच के दौरान ऐसे 7 भारी वाहनों को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालकों को भविष्य में निर्धारित समय और मार्ग का पालन करने की हिदायत भी दी।
नो-पार्किंग वालों पर भी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और मुख्य सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ भी अभियान चलाया। नो-पार्किंग में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन व टोइंग वाहनों से हटाकर यातायात थाना परिसर भेजा गया। संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।
रात में ही मिलती है भारी वाहनों को एंट्री
पुलिस के मुताबिक रिंग रोड के अंदरूनी हिस्सों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश का समय तय है। इन वाहनों को रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक प्रवेश की अनुमति है। इसके अलावा निर्धारित क्षेत्र में अन्य समय भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है।
CCTV से भी रखी जा रही नजर
नो-एंट्री और नो-पार्किंग का उल्लंघन करने वालों पर CCTV कैमरों के साथ फील्ड टीमों के जरिए निगरानी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।