11 सितंबर को जेठा में होगा बड़ा सरकारी कार्यक्रम, 2 लाख ग्रामीण परिवारों का गृह प्रवेश; आवास योजना में एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन की शुरुआत
रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वे सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में होने वाले इस आयोजन में ग्रामीण विकास, आवास, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी नवाचार से जुड़ी कई योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान 122 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा। इन परियोजनाओं के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास समेत बुनियादी सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जाएगा।
दो लाख परिवारों के घरों में प्रवेश का आयोजन
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रदेश में नवनिर्मित 2 लाख आवासों के हितग्राहियों का सामूहिक गृह प्रवेश कराया जाएगा। कार्यक्रम में कुछ हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी जाएगी। इसके जरिए ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश में हुई प्रगति को सामने रखा जाएगा।
आवास निर्माण की निगरानी में तकनीक का इस्तेमाल
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली की शुरुआत भी की जाएगी। नई व्यवस्था के माध्यम से आवास निर्माण की स्थिति की निगरानी और उसके सत्यापन को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के साथ ‘विकसित भारत-जी राम जी’ और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की शुरुआत भी की जाएगी।