दो दिन में 85 नए संक्रमित सामने आए, रायपुर में 146 केस; अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 90
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ रही है। प्रदेश में H1N1 के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की 9 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में अब तक 344 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 122 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं। पिछले दो दिनों में ही 85 नए मरीज सामने आने से संक्रमण की बढ़ती रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है।
राजधानी रायपुर संक्रमण के लिहाज से सबसे आगे है। जिले में 9 सितंबर तक स्वाइन फ्लू के कुल 146 मरीज मिल चुके हैं। 8 सितंबर को यह संख्या 127 थी। इस तरह 24 घंटे के भीतर रायपुर में 19 नए केस जुड़ गए। प्रदेश के कुल 344 संक्रमितों में अकेले रायपुर के 146 मरीज हैं।
महासमुंद में भी एक दिन में 10 नए केस
9 सितंबर को प्रदेश में कुल 39 नए मरीजों की पहचान हुई। इनमें रायपुर के 19 और महासमुंद के 10 मरीज शामिल हैं। बिलासपुर में 3, कोरबा में 2 तथा दुर्ग, रायगढ़, मुंगेली, राजनांदगांव और सुरगुजा में एक-एक नए संक्रमित मिले हैं। इस रिपोर्ट में अन्य राज्यों से कोई नया मरीज दर्ज नहीं हुआ।
8 सितंबर को भी मिले थे 46 मरीज
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 8 सितंबर को प्रदेश में 46 नए पॉजिटिव केस सामने आए थे। इसके अगले दिन 39 नए मामले मिले। दोनों दिनों के आंकड़ों को मिलाकर 85 नए मरीज सामने आए हैं। हालांकि 9 सितंबर को नए मामलों की संख्या पिछले दिन की तुलना में 7 कम रही।
एक्टिव केस बढ़े, 90 मरीज अस्पताल में
प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या भी बढ़कर 122 हो गई है। 8 सितंबर को 113 मरीज एक्टिव थे। इनमें 81 अस्पताल में भर्ती थे और 32 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा था। 9 सितंबर को अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़कर 90 हो गई। होम आइसोलेशन वाले मरीजों की संख्या 32 ही रही। इस तरह कुल एक्टिव मरीजों में एक दिन में 9 की बढ़ोतरी दर्ज की गई।