देवरी में पिकनिक के दौरान हादसा; सेल्फी लेते समय एक छात्र का पैर फिसला, बचाने के लिए नदी में उतरे दो साथी भी लापता
कोरबा। जांजगीर-चांपा जिले के देवरी गांव के पास शुक्रवार को हसदेव नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले तीन छात्र नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। देर तक तीनों छात्रों का पता नहीं चल सका था।
बताया गया कि कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं का दल शुक्रवार दोपहर देवरी गांव के पास हसदेव नदी किनारे पिकनिक मनाने पहुंचा था। इसी दौरान नदी के किनारे सेल्फी लेते समय मुरारी साहू (22) का पैर अचानक फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में चला गया।
साथी को बचाने नदी में उतरे, तीनों बह गए
मुरारी को बहता देखकर उसके दो साथी पवन लाल (22) और सचिन सिंह (23) उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। पानी का बहाव तेज होने और नदी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों भी संभल नहीं सके। देखते ही देखते तीनों छात्र नदी के बहाव में लापता हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया। गोताखोर नदी में उतरकर तीनों छात्रों की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार लापता छात्रों के अंबिकापुर, मरवाही और कवर्धा क्षेत्र के रहने वाले होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन और पुलिस की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर रखते हुए रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।
नदी किनारे पिकनिक के दौरान सतर्कता जरूरी
हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस ने नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर तेज बहाव वाले स्थानों पर पानी के करीब जाने और सेल्फी लेने से बचने की सलाह दी गई है।