भंडारा में तड़के हुआ भीषण हादसा; मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे, 14 घायल, सीएम ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख देने के निर्देश
कबीरधाम। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नौ लोगों की मौत हो गई। रायपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह महिलाओं और तीन बच्चों की जान चली गई। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें भंडारा और नागपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि छत्तीसगढ़ के 22 लोग बोलेरो से पोला उत्सव में शामिल होने नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान मुंडीपार के पास शुक्रवार सुबह करीब 3:31 बजे तेज रफ्तार आयशर वाहन और बोलेरो की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग वाहन में फंस गए।
दो जेसीबी की मदद से निकाला गया वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बोलेरो ट्रक में बुरी तरह फंस गई थी। उसे बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।

पुलिस के अनुसार हादसे में आठ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए नागपुर भेजा गया है।
पेट्रोल पंप से हाईवे पर आ रहा था आयशर
लाखनी पुलिस के मुताबिक हादसा NH-53 पर साकोली से लाखनी की ओर जाने वाले मार्ग पर मुंडीपार के पास हुआ। पुलिस के अनुसार टाटा कंपनी का आयशर वाहन क्रमांक UP72 BT7974 पेट्रोल पंप से हाईवे पर आ रहा था। इसी दौरान साकोली की ओर से लाखनी जा रही महिंद्रा बोलेरो क्रमांक MH49 U9810 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
आयशर वाहन को अमर सिंह रामदुलारे यादव (37), निवासी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश चला रहा था। प्रारंभिक जांच में वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
सीएम ने सहायता राशि की घोषणा की
हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन की टीम भंडारा पहुंच चुकी है। टीम महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से घायलों के इलाज तथा प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटी है। गंभीर घायलों के बेहतर उपचार के लिए नागपुर में भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
भूपेश बघेल ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भंडारा सड़क हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हादसे में छत्तीसगढ़ के नौ लोगों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।