पुराने अपराधों का रिकॉर्ड खंगालकर पुलिस ने अपडेट की निगरानी सूची, 2100 से अधिक बदमाशों की गतिविधियों पर नजर
.दुर्ग जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और आदतन बदमाशों पर प्रभावी निगरानी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान करीब 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। पुलिस ने इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ वर्तमान गतिविधियों और ठिकानों की भी जानकारी जुटाकर रिकॉर्ड अपडेट किया है
दुर्ग। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की नजर अब उन बदमाशों पर है, जिनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या जो पूर्व में किसी गैंग से जुड़े रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर करीब 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात से अलग-अलग इलाकों में अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ऐसे लोगों की पहचान की, जिनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और जो पुलिस की निगरानी सूची में शामिल हैं। इन लोगों की मौजूदा गतिविधियों और वर्तमान स्थिति की जानकारी भी जुटाई गई।
पुराने मामलों की भी दोबारा पड़ताल
पुलिस केवल नए मामलों पर ही ध्यान नहीं दे रही, बल्कि पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी दोबारा खंगाला जा रहा है। हिस्ट्रीशीटरों से जुड़े पुराने प्रकरण, वर्तमान निवास स्थान, उनकी गतिविधियां और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाकर पुलिस रिकॉर्ड को अपडेट किया जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि इस प्रक्रिया से किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर संबंधित व्यक्ति की पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि और वर्तमान गतिविधियों की जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सकेगी।
2100 से अधिक बदमाशों का रिकॉर्ड अपडेट
पुलिस की कार्रवाई केवल 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों तक सीमित नहीं है। जिले में अपराधियों और आदतन बदमाशों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दुर्ग जिले में अब तक करीब 2100 आदतन बदमाशों और गैंग हिस्ट्रीशीटरों का रिकॉर्ड अपडेट किया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना, संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान करना और जिले में अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।