मरीन ड्राइव से लौट रहे थे चार छात्र, तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराकर फ्लाईओवर से नीचे गिरी कार; एक गंभीर घायल
मुंबई (ए)। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक चारों युवक मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण चालक के कार से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।
डिवाइडर से टकराई कार, नीचे जा गिरी
हादसा रविवार सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार BMW तेज गति से कोस्टल रोड पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
तीन की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
हादसे के बाद चारों युवकों को उपचार के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) को मृत घोषित कर दिया। आदित्य ओसवाल (23) गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार चारों छात्र थे। मृतकों में शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। शनाय अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में पीजी में रह रहा था। दुर्घटनाग्रस्त BMW उसके परिवार की बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार की तकनीकी जांच की गई और फोरेंसिक टीम ने जरूरी नमूने एकत्र किए। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार का दबाव
मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड मार्ग है। यह दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही तेज गति से होती है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के पीछे वाहन की गति और चालक के नियंत्रण खोने समेत विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।