पुलिस ने 20 सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन किया बरामद, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में वाहन से चोरी हुए 36 घरेलू गैस सिलेंडरों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रमोद देवांगन समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 20 गैस सिलेंडर तथा वारदात में इस्तेमाल महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन बरामद किया.
छावनी थाना क्षेत्र में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक 18 सितंबर 2026 को साक्षरता चौक कैंप-01 के पास रायपुर-दुर्ग सर्विस रोड पर देशी शराब भट्ठी के नजदीक महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस क्रमांक CG07CA8090 खड़ा था। वाहन में 36 भरे हुए इंडेन घरेलू गैस सिलेंडर रखे हुए थे।
इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति वाहन से सभी सिलेंडर चोरी कर ले गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वाहन चालक घनश्याम कुर्रे ने 19 सितंबर को छावनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 647/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर प्रमोद देवांगन की पहचान की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में प्रमोद ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस को बताया गया कि चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल के अहिवारा रोड स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छोड़ दिए गए थे। वहीं, बाकी 20 सिलेंडर अलग-अलग लोगों को करीब 2 हजार रुपए प्रति सिलेंडर की दर से बेच दिए गए।
मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 20 घरेलू गैस सिलेंडर और वारदात में प्रयुक्त महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन बरामद किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
