30 से अधिक सरकारी कर्मचारी थे सवार, धुआं और लपटें बढ़ते देख कई कर्मचारियों ने बस से कूदकर बचाई जान
रायपुर। नया रायपुर स्थित महानदी भवन के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी कर्मचारियों को लेकर जा रही एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में 30 से अधिक कर्मचारी सवार थे। आग लगते ही धुआं उठने लगा और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कर्मचारी बस से सफर कर रहे थे। महानदी भवन के पास पहुंचने के दौरान अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेजी पकड़ ली और बस के भीतर धुआं भरने लगा। स्थिति को गंभीर होता देख बस में सवार कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलने का प्रयास किया।
आग और धुएं से बचने के लिए कई कर्मचारियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कर्मचारियों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
फिलहाल बस में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं, घटना में किसी के घायल होने की भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।