चंदनडीह-कुम्हारी ओवरब्रिज के पास जलभराव के चलते यातायात धीमा, भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव के कारण शुक्रवार को यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप सड़क पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है। स्थिति को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने ट्रैफिक का दबाव कम करने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
दुर्ग यातायात पुलिस ने रायपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और जहां संभव हो, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं करने की भी सलाह दी गई है।
राजनांदगांव की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव-एम, मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर भेजा जाएगा। वहीं बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहन अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव-एम, मोतीपुर और अमलेश्वर मार्ग से रायपुर पहुंच सकेंगे।
ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई अथवा नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होते हुए रायपुर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
इसी तरह भिलाई एवं भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के रायपुर जाने वाले वाहनों को उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग से जाने की सलाह दी गई है।
दुर्ग पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि प्रभावित हिस्से में यातायात को व्यवस्थित रखा जा सके।