चार बैराजों से 14,650 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, शिवनाथ का जलस्तर तेजी से बढ़ा; गणेश विसर्जन के लिए एसडीआरएफ की टीम तैनात
दुर्ग-भिलाई। जिले में शुक्रवार को लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन की रफ्तार पर असर डाला। जलभराव और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, अनुदान प्राप्त और बीएसपी स्कूलों में 25 सितंबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया। हालांकि आदेश सुबह करीब 10 बजे जारी होने के कारण कई स्कूलों में मॉर्निंग और डे शिफ्ट की कक्षाएं शुरू हो चुकी थीं। कुछ विद्यार्थी स्कूल पहुंच चुके थे और कुछ स्थानों पर त्रैमासिक परीक्षाओं की तैयारी भी चल रही थी।
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने कलेक्टर की मंजूरी के बाद स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि त्रैमासिक परीक्षा को लेकर अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे।
शिवनाथ में बढ़ रहा पानी
लगातार बारिश के बीच राजनांदगांव क्षेत्र के चार बैराजों से कुल 14,650 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। सिंचाई विभाग के शिवनाथ डिवीजन के कार्यपालन अभियंता आशुतोष सारस्वत के अनुसार सुबह 9:50 बजे तक मोगरा बैराज से 8 हजार, घुमरिया से 1,250, सूखा नाला से 3,200 और खातूटोला से 2,200 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।
इन सभी स्थानों से छोड़ा गया पानी शिवनाथ नदी में पहुंच रहा है। विभाग ने आने वाले घंटों में नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना जताई है।
महमरा एनीकट में तीन घंटे में एक फीट बढ़ा जलस्तर
शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट में भी पानी तेजी से बढ़ा। सुबह करीब 8 बजे यहां जलस्तर 1 फीट 3 इंच था, जो सुबह 11 बजे तक बढ़कर 2 फीट 3 इंच हो गया। सिंचाई विभाग ने नदी किनारे के गांवों में जलस्तर बढ़ने और बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
कुम्हारी में पानी भरने से हाईवे प्रभावित
भारी बारिश से दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे पर भी यातायात प्रभावित हुआ। कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह इलाके में पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। यातायात पुलिस ने स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर मार्ग से भेजा जा रहा है। बालोद से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर का मार्ग तय किया गया है।
13 जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह 11 बजे के आसपास अलर्ट जारी करते हुए बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, कबीरधाम, कांकेर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, महासमुंद, रायपुर और राजनांदगांव में अगले तीन घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई।
गणेश विसर्जन स्थलों पर एसडीआरएफ की निगरानी
शिवनाथ नदी में बढ़ते जलस्तर के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भी जारी है। सुरक्षा को देखते हुए एसडीआरएफ की 20 सदस्यीय टीम दो मोटर बोट के साथ तैनात की गई है। टीम नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है।
प्रशासन ने नदी किनारे, जलभराव वाले मार्गों और विसर्जन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।