महादेवघाट विसर्जन कुंड में दोपहर 2 बजे तक 1705 प्रतिमाओं का विसर्जन, 1494 छोटी और 211 बड़ी प्रतिमाएं शामिल
रायपुर। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर राजधानी में गणपति विसर्जन का सिलसिला सुबह से शुरू हो गया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश प्रतिमाएं लेकर महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड पहुंचे। दोपहर 2 बजे तक यहां कुल 1705 गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था। इनमें 1494 छोटी और 211 बड़ी प्रतिमाएं शामिल हैं। इसके बाद भी प्रतिमाओं के पहुंचने और विसर्जन का क्रम जारी रहा।
महादेवघाट में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। परिवार और समूह के साथ पहुंचे लोगों ने पहले भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और इसके बाद विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया। लगातार बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था में कमी नहीं दिखाई दी।
परिवार के साथ विसर्जन के लिए पहुंचे विधायक
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी भी परिवार के साथ अपने घर की गणपति प्रतिमा लेकर महादेवघाट पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों को अनंत चतुर्दशी की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने श्रद्धालुओं से अपील की कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित विसर्जन कुंड में ही करें, ताकि धार्मिक आयोजन के साथ पर्यावरण और सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे।
विसर्जन व्यवस्था का लिया जायजा
महादेवघाट पहुंचने के दौरान विधायक सुनील सोनी ने विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा से श्रद्धालुओं की आवाजाही, प्रतिमा विसर्जन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों से भीड़ प्रबंधन और सुचारु विसर्जन को लेकर चर्चा की गई।