डूमरतराई में देर रात सनसनीखेज वारदात, चरित्र शंका को लेकर विवाद की बात सामने आई; घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती
रायपुर के डूमरतराई इलाके में शनिवार देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, पति ने कथित तौर पर पत्नी और अपने दो नाबालिग बच्चों पर चाकू से हमला कर उनकी जान ले ली। इसके बाद उसने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया। घायल पति को उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पत्नी के चरित्र को लेकर शंका और दंपती के बीच विवाद की बात सामने आई है।
रायपुर। माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई स्थित साहू पारा में शनिवार देर रात यह घटना हुई। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय भुनेश्वर साहू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला है और करीब दो साल से पत्नी व बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहा था।
विवाद के बाद पत्नी और बच्चों पर हमला
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान भुनेश्वर ने कथित तौर पर पत्नी खिलेश्वरी साहू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने दोनों बच्चों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर भी वार किए।

हमले में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हालत गंभीर थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद खुद पर किए चाकू से वार
पत्नी और दोनों बच्चों पर हमला करने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने शरीर पर भी चाकू से कई वार किए। पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायल भुनेश्वर को उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
सब्जी मंडी में काम करते थे पति-पत्नी
पुलिस के अनुसार, भुनेश्वर और उसकी पत्नी दोनों सब्जी मंडी में काम करते थे। करीब दो महीने पहले भुनेश्वर ने काम छोड़ दिया था। आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच पत्नी के चरित्र को लेकर अक्सर विवाद होता था। शनिवार रात भी दोनों के बीच इसी तरह का विवाद होने की बात सामने आई है।
तीनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आरोपी के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर वारदात की परिस्थितियों की जांच कर रही है।