मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर निकलेगा मार्च, प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत भी होंगे शामिल
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस सोमवार को रायपुर में प्रदर्शन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट का घेराव कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाएंगे। प्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी सुखदेव भगत की मौजूदगी में होने वाले इस प्रदर्शन में प्रदेशभर के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है।
रायपुर। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन शुरू किया है। इसी कड़ी में सोमवार को रायपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालकर घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन दोपहर में प्रस्तावित है।
कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में बदलाव के जरिए वोट चोरी की जा रही है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग कर रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत रविवार को रायपुर पहुंचे। सोमवार को वे पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसी दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट तक मार्च में हिस्सा लेंगे।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विधायकों, जिला और ब्लॉक स्तर के नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची में किए गए बदलावों को लेकर पार्टी अपनी आपत्तियां दर्ज कराएगी।
दो चरणों में आंदोलन का कार्यक्रम
कांग्रेस ने चुनाव संबंधी मुद्दों को लेकर देशभर में दो चरणों में विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम बनाया है। पहले चरण में 25 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटियों ने राज्य चुनाव आयोग के कार्यालयों तक मार्च निकाला था। दूसरे चरण में 28 सितंबर को जिला कांग्रेस कमेटियों को कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी जिला कांग्रेस समितियों को इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रायपुर में होने वाले प्रदर्शन को इसी राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।