लावाकेरा बैरियर पर मिनी ट्रक से 440 पैकेट बरामद, उड़ीसा से प्रयागराज ले जा रहे थे दो आरोपी
जशपुर। मिर्ची की बोरियों की आड़ में गांजे की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश ले जाने की कोशिश कर रहे दो तस्करों को जशपुर पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पकड़ लिया। पुलिस ने मिनी ट्रक की तलाशी के दौरान 440 पैकेटों में रखा 440.63 किलो गांजा बरामद किया। कार्रवाई में गांजे और वाहन समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर जांच की गई। वाहन में ऊपर की ओर मिर्ची की बोरियां रखी थीं। संदेह होने पर पुलिस ने जब बोरियों को हटाकर अंदर की जांच की तो गांजे के पैकेट बरामद हुए।

गांजे का कुल वजन 440.63 किलो पाया गया। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए आंकी है। तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। दोनों को मिलाकर पुलिस ने 2.40 करोड़ रुपए से अधिक की जप्ती की।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) के रूप में हुई। दोनों ग्राम मुंडेरा, थाना धूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे।
मामले में थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजे की खरीद से लेकर उसकी डिलीवरी तक पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। खेप उड़ीसा में कहां से ली गई थी और उत्तर प्रदेश में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की एंड-टू-एंड विवेचना जारी है।