जांच में अलकायदा की विचारधारा से प्रभावित होने का दावा; कट्टरपंथी सोच के चलते 2024 में ओमान एयर की ट्रेनिंग से हटाया गया था
इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला करने वाले को-पायलट की पहचान हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी अलकायदा की विचारधारा से प्रभावित था और पूछताछ में उसने विमान को इजराइल में क्रैश कराने की मंशा जाहिर की है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके व्यवहार और कट्टरपंथी विचारों को लेकर पहले भी सवाल उठे थे। गंभीर रूप से घायल कैप्टन मच्छर का अबू धाबी में इलाज चल रहा है
दुबई (A)। इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट पर हुए हमले के मामले में जांच एजेंसियों को आरोपी को लेकर कई अहम जानकारियां मिली हैं। भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला करने वाले को-पायलट की पहचान ओमान निवासी हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच में उसके अलकायदा की विचारधारा से प्रभावित होने के संकेत मिले हैं। पूछताछ के दौरान उसने विमान को इजराइल में क्रैश कराने की इच्छा जताई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल-हमामी का व्यवहार पहले भी संदेह के घेरे में रहा था। वर्ष 2024 में ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन ओमान एयर ने कथित कट्टरपंथी विचारों के चलते उसे पायलट ट्रेनिंग से हटा दिया था। हालांकि, बाद में उसे एयरलाइन में दूसरी जिम्मेदारी दी गई। करीब आठ महीने पहले वह फ्लाईदुबई से जुड़ा था।
सीरिया में रहने के दौरान विचारधारा से प्रभावित होने का दावा
अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, अल-हमामी ने ओमान से बाहर लंबे समय तक समय बिताया था। वह सीरिया में भी रहा था। इसी दौरान उसके कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और कुछ धार्मिक व्यक्तियों से मुलाकातों की जानकारी जुटा रही हैं।
फॉक्स न्यूज के अनुसार, ओमान एयर ने 2024 में उसे उड़ान संबंधी जिम्मेदारियों से हटा दिया था। बताया गया कि उसके कट्टरपंथी इस्लामिक वेबसाइट देखने की जानकारी सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। वहीं, सीएनएन की रिपोर्ट में उसे कथित कट्टरपंथी विचारों के कारण पायलट ट्रेनिंग से हटाए जाने की बात कही गई है। वह पहले रॉयल एयर मैरोक के साथ भी काम कर चुका था।
विमान में मिले फिलिस्तीन समर्थक पोस्टर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी के पास से ‘फ्री फिलिस्तीन’ के पोस्टर और फिलिस्तीन के समर्थन से जुड़ी अन्य सामग्री मिली थी। पूछताछ में विमान को इजराइल में क्रैश कराने की बात सामने आने के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि कैप्टन पर हमला विमान पर कब्जा करने और उसे जानबूझकर गिराने की साजिश का हिस्सा था या नहीं।
एक मिनट में 33 हजार से 17 हजार फीट नीचे आया विमान
फ्लाइट एफजेड-1073 में उड़ान के करीब ढाई घंटे बाद अल-हमामी ने कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया। फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान विमान की ऊंचाई करीब एक मिनट में 33 हजार फीट से घटकर 17 हजार फीट रह गई।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद विमान के क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने आरोपी को काबू किया। दो अन्य ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी विमान को संभालने में मदद की।
तबूक में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक में आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। विमान में कुल 174 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश इजराइली यात्री थे। इसके अलावा भारत और संयुक्त अरब अमीरात के नागरिक भी मौजूद थे। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, चार यात्री अमेरिकी नागरिक थे।
कैप्टन मच्छर को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर अबू धाबी लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
तेल अवीव की उड़ान में ड्यूटी मिलने पर जांच
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि ओमान निवासी अल-हमामी को तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट में को-पायलट की जिम्मेदारी कैसे मिली, जबकि ओमान और इजराइल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं।
सीएनएन के अनुसार, इजराइल की शिन बेट, मोसाद, सेना और परिवहन मंत्रालय समेत कई एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं। घटना के बाद आरोपी को सऊदी अरब से संयुक्त अरब अमीरात भेजा गया, जहां उसके खिलाफ आतंकवाद से जुड़े मामले की जांच की जा रही है।