5 अक्टूबर से शुरू हुआ मरम्मत कार्य, सेक्टर जाने वाले वाहन ओवरब्रिज से निकलेंगे; चारपहिया और स्कूल बसों को अंडरब्रिज से प्रवेश नहीं
दुर्ग। नेहरू नगर अंडरब्रिज में मरम्मत कार्य के चलते 5 अक्टूबर से 10 नवंबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मरम्मत के पहले चरण में नेहरू नगर चौक से सेक्टर की ओर जाने वाला अंडरब्रिज मार्ग बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।
नेहरू नगर से सेक्टर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को ओवरब्रिज मार्ग से आवागमन करना होगा। वहीं, सुपेला और राधिका नगर क्षेत्र से सेक्टर की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए सुपेला अंडरब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
मरम्मत अवधि में सेक्टर से नेहरू नगर चौक की ओर आने-जाने के लिए अंडरब्रिज मार्ग पर केवल दोपहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी। स्कूल बसों और चारपहिया वाहनों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सहयोग करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाकर अपनी यात्रा करने की अपील की है।