67.38 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचेगी 32वीं किस्त; मुख्यमंत्री विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन-लोकार्पण, हितग्राहियों को बांटेंगे सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 67 लाख 38 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के खातों में करीब 632.40 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के जरिए अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री जिले में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करने के साथ हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित करेंगे।
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्ग प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविशंकर स्टेडियम में होने वाले सेवा सेतु कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर अलग-अलग विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान जिले में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा अलग-अलग सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री और सहायता राशि का वितरण भी किया जाएगा।
67 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगी राशि
सेवा सेतु कार्यक्रम में मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार से अधिक पात्र महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में करीब 632.40 करोड़ रुपए अंतरित किए जाएंगे। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है।
महिला एवं बाल विकास विभाग को किस्त की राशि अंतरित करने से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
योजनाओं की जानकारी देंगे विभाग
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभागीय स्टॉल में लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और पात्रता की जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है।
हितग्राहियों को वितरित की जाने वाली सामग्री और सहायता राशि की भी तैयारी पूरी कर ली गई है। संबंधित विभागों को हितग्राहियों की सूची और वितरण व्यवस्था समय पर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेडियम में बनाई गई आकर्षक रंगोली
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को कलेक्टर समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने रविशंकर स्टेडियम का निरीक्षण किया। बैठक व्यवस्था, मंच, विभागीय स्टॉल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। स्टेडियम में मानव निर्मित रंगोली तैयार की गई है। बैडमिंटन कोर्ट में भी रंगोली प्रदर्शन की व्यवस्था की गई है।
दोपहर 2 बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री गुरुवार को दोपहर करीब 12:05 बजे प्रथम बटालियन भिलाई स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से रविशंकर स्टेडियम दुर्ग के लिए रवाना होंगे। वे करीब 12:10 बजे स्टेडियम पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद स्टेडियम से प्रथम बटालियन भिलाई हेलीपैड पहुंचेंगे और करीब 2:40 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना होंगे।