राजीव नगर में 60 बोरियों में मिला PDS का चावल; खाद्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
दुर्ग के राजीव नगर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र राशन कार्डधारियों को मिलने वाले चावल की अवैध जमाखोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक मकान से 60 बोरियों में भरा 24 क्विंटल सरकारी चावल बरामद किया है। मामले में सोहन चेलक (23) को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह राशन कार्डधारियों से सरकारी चावल खरीदकर उसे घर में जमा करता था।
भिलाई। मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19 स्थित राजीव नगर का है। खाद्य विभाग को शिकायत मिली थी कि इलाके में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल की अवैध खरीदी-बिक्री की जा रही है। शिकायत में सरकारी चावल को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाकर जमा करने की जानकारी भी सामने आई थी।
शिकायत के आधार पर खाद्य निरीक्षक आशुतोष चंद्राकर ने 25 सितंबर को संबंधित दस्तावेजों के साथ पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सोहन चेलक के मकान की तलाशी ली। यहां अलग-अलग 60 बोरियों में चावल भरा मिला। वजन कराने पर चावल की कुल मात्रा 24 क्विंटल निकली।
बरामद चावल सरकारी वितरण प्रणाली का है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद अधिकारी ने चावल को PDS के तहत राशन कार्डधारियों को वितरित किया जाने वाला सरकारी खाद्यान्न बताया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सरकारी चावल को पात्र परिवारों से खरीदकर अपने घर में जमा करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चावल किससे खरीदता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज हो चुका है। पुलगांव थाने में वर्ष 2022 में अपराध क्रमांक 151/2022 के तहत मारपीट और धमकी सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई थी। वर्तमान मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।