वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से भड़की आग, धमाकों से दहला इंडस्ट्रियल एरिया; फोम से आग बुझाने में जुटी टीमें
भिलाई के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और दो टैंकरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग के दौरान फैक्ट्री के भीतर लगातार धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। काले धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर से नजर आया।
भिलाई। भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी ने पास रखे ज्वलनशील केमिकल को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई।
फैक्ट्री परिसर में रखे केमिकल से भरे 50 से अधिक ड्रम आग की चपेट में आ गए। इसके अलावा केमिकल भरने के लिए पहुंचे दो टैंकर भी जलकर खाक हो गए। ड्रमों के गर्म होने के कारण उनके फटने की आशंका के बीच फैक्ट्री के अंदर से लगातार धमाकों की आवाज आती रही। इससे आग बुझाने में जुटे कर्मचारियों और दमकलकर्मियों के लिए चुनौती बढ़ गई।
केमिकल की वजह से आग पर पानी के बजाय फोम का इस्तेमाल किया जा रहा है। दमकल की टीमें लगातार फोम के प्रेशर से आग को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही हैं। SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और फोम के 15 डिब्बों की व्यवस्था की गई।
आग के कारण फैक्ट्री से निकल रहा काला धुआं दूर-दूर तक फैल गया। आसपास की कंपनियों ने भी पानी उपलब्ध कराकर आग बुझाने में मदद की। जेसीबी की सहायता से आग की चपेट में आए ड्रमों को फैक्ट्री परिसर से बाहर निकालने का काम भी शुरू किया गया।
आग की सूचना के बाद CISF की टीम भी मौके पर पहुंची। फैक्ट्री प्रबंधन ने आग पर काबू पाने के लिए फोम की आवश्यकता बताई, जिसके बाद इसकी व्यवस्था की गई। छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार पैकरा के मुताबिक आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास लगातार जारी है।
घटना में कुछ मजदूरों के घायल होने की सूचना सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वेल्डिंग की चिंगारी को आग लगने की वजह बताया जा रहा है।