16, 18 और 20 अक्टूबर को भारत-जिम्बाब्वे के मैच, कलेक्टर ने पार्किंग, सुरक्षा, यातायात और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की
राजधानी रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 मुकाबलों की मेजबानी करेगा। 16, 18 और 20 अक्टूबर को होने वाले मैचों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दर्शकों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और आपातकालीन इंतजामों की समीक्षा की।
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन को लेकर रायपुर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 मैच खेले जाएंगे। आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और क्रिकेट संघ के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बैठक में कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाए और खाने-पीने सहित अन्य वस्तुओं की निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलने पर रोक लगाई जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ प्रशासन की मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार रखने तथा आग से बचाव के उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। जिला सेनानी के साथ समन्वय कर अग्निशमन उपकरणों का परीक्षण कराने और दर्शकों के लिए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
ऑनलाइन टिकट, ई-टिकट स्कैनिंग के लिए वाई-फाई
क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि टिकटों की बिक्री ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है। दर्शकों के ई-टिकट स्कैन करने की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए खाने-पीने की वस्तुओं और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने की भी योजना है।
टीमों के पहुंचने की तैयारी
बैठक में साझा की गई जानकारी के अनुसार, भारतीय टीम के 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम के 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है। भारतीय टीम को अभ्यास के लिए करीब चार दिन मिल सकते हैं। टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना भी जताई गई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा खलखो, रायपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, एडीएम उमाशंकर बंदे तथा छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ और बीसीसीआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भारतीय महिला टीम की कमान स्मृति मंधाना संभालेंगी, जबकि शेफाली वर्मा उपकप्तान होंगी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा हैं। टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि के नाम भी शामिल बताए गए हैं। रायपुर में लगातार तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले होने से क्रिकेट प्रशंसकों को अपनी पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान पर देखने का अवसर मिलेगा।