डुण्डेरा के कचरू नगर में पीछे का दरवाजा तोड़कर घुसे थे आरोपी, 58,500 रुपए नकद सहित टीवी, लैपटॉप, फ्रिज और वॉशिंग मशीन बरामद; चोरी का सामान खरीदने वालों की तलाश जारी
दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुण्डेरा स्थित कचरू नगर में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने लंबे समय से बंद मकान की रेकी करने के बाद पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 58,500 रुपए नकद सहित टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, पंखे और अन्य घरेलू सामान बरामद किया गया है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मकान मालिक आनंदु सुकुमारन काम के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। उनका मकान लंबे समय से बंद था और परिवार भी दूसरे स्थान पर रहता है। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर को निशाना बनाया। 9 अक्टूबर को मकान मालिक के बड़े भाई सदीश कुमार को पड़ोसी ने फोन कर घर के पीछे रसोई का दरवाजा खुला होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दरवाजा टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था।
जांच के दौरान एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, पंखे, सोने के गहने, मोबाइल फोन सहित अन्य घरेलू सामान गायब मिले। इसके बाद सदीश कुमार ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4), 317(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले मकान की रेकी की थी। इसके बाद पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी का कुछ सामान बेचकर मिली रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी।
इस मामले में पुलिस ने राहुल धनकर (18), दुरपत धनकर (45) और रवि कुमार यादव (26) को गिरफ्तार किया है। इनके साथ दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी का सामान खरीदने वालों की भूमिका भी सामने आई है। इस संबंध में विनोद देवांगन और अजय धनकर की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।