विजय शर्मा और सरोज पांडेय ने जताई नाराजगी, दीपक बैज बोले- देश के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए विवाद को दिया जा रहा तूल
रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा नेताओं ने बयान को अनुचित बताते हुए प्रधानमंत्री पद की गरिमा का मुद्दा उठाया, जबकि कांग्रेस ने इसे केंद्र सरकार की नीतियों पर हो रही चर्चा से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है। इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जैसे बड़े राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री के प्रति इस्तेमाल किए गए शब्द कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करते हैं। भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने भी कहा कि बोलने की आजादी के साथ भाषा की मर्यादा का पालन जरूरी है। प्रधानमंत्री पद की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों से बचना चाहिए। भाजपा के अन्य नेताओं ने भी खड़गे के बयान पर आपत्ति जताई।
कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया प्रोपेगेंडा करने का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा की प्रतिक्रिया पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा खड़गे की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा कर रही है, जबकि उनके भाषण में देश की समस्याओं और सरकार की नीतियों से जुड़े मुद्दे भी शामिल थे। बैज के अनुसार, भाजपा इन विषयों पर जवाब देने के बजाय बयान को राजनीतिक मुद्दा बना रही है।
पटना में कार्यक्रम के दौरान हुई थी टिप्पणी
रविवार को पटना के बापू सभागार में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान खड़गे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियों पर बोल रहे थे। इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने कहा कि मोदी सरकार तब तक नहीं जाएगी, जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा। इस पर खड़गे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।’ उन्होंने इस टिप्पणी को तीन बार दोहराया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने संबंधित कार्यकर्ता के साथ मारपीट की।
थाने में शिकायत, कार्रवाई की मांग
बयान के बाद पटना के कोतवाली थाने में खड़गे के खिलाफ शिकायत दी गई। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा कुमार सिंह ने अपने आवेदन में मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शाह ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खड़गे की टिप्पणी को अभद्र बताते हुए कांग्रेस पर प्रधानमंत्री और उनके परिवार के प्रति अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री को लेकर अलग-अलग विवादित टिप्पणियां करती रही है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।