सूर्या मॉल के आसपास चला विशेष अभियान; चारपहिया वाहनों के चालान, दोपहिया क्रेन से हटाकर यातायात कार्यालय भेजे
भिलाई। शहर की सड़कों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की है। रविवार, 25 अक्टूबर को सूर्या मॉल के आसपास चलाए गए अभियान के दौरान कुल 172 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसमें चारपहिया वाहनों के ई-चालान काटे गए, जबकि नियमों के विरुद्ध खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन से उठाकर यातायात कार्यालय पहुंचाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में सड़क किनारे प्रतिबंधित स्थानों पर खड़े वाहनों को हटाने पर जोर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नो पार्किंग में वाहन खड़े करने से अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है और यातायात बाधित होने की आशंका बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। सड़क पर या प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें, ताकि अन्य लोगों के आवागमन में बाधा न आए। पुलिस के मुताबिक, शहर में यातायात अनुशासन बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए नो पार्किंग के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा।