सब्जी मंडी के पीछे चल रहा था ताश से काट-पत्ती का खेल, भिलाई नगर पुलिस ने दबिश देकर की कार्रवाई
भिलाई। दुर्ग जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भिलाई नगर पुलिस ने रूआबांधा क्षेत्र से सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 6,100 रुपए नकद, ताश की 52 पत्तियां और एक अखबार जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ सब्जी मंडी के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों से काट-पत्ती का जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर सात लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से नकदी और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री बरामद की गई।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मनोज कुमार मारकंडे (39), गौतम कुमार बघेल (28), संजय साहू (37), दिनेश निषाद (40), लक्ष्मी जोशी (30), मनीष जैन (26) और कन्हैया यादव (43) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पते क्रमशः रूआबांधा बस्ती, सेक्टर-6 बोरिया क्वार्टर भिलाई, एचएससीएल कॉलोनी रिसाली, रूआबांधा, कुंद्रापारा रूआबांधा और एचएससीएल कॉलोनी रूआबांधा क्षेत्र बताए गए हैं।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी नजदीकी थाने को देने की अपील की है।