– रेलवे की नई ऐप आधारित सेवा पहले 8 बड़े शहरों में होगी शुरू
– बुकिंग से भुगतान और ट्रैकिंग तक की सुविधा एक ही प्लेटफॉर्म पर
– छोटे व्यापारियों, किसानों और ऑनलाइन विक्रेताओं को मिलेगी राहत
नई दिल्ली (ए)। रेलवे से पार्सल भेजने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जल्द ही घर से घर तक डिलीवरी की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लिए ‘रेल पार्सल ऐप’ तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से ग्राहक घर बैठे पार्सल बुक कर सकेंगे। लॉजिस्टिक्स कंपनी घर से सामान उठाकर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाएगी। इसके बाद रेलवे ट्रेन के जरिए पार्सल को गंतव्य शहर तक भेजेगा और वहां से संबंधित कंपनी उसे ग्राहक के बताए पते पर पहुंचाएगी।
इस सुविधा के शुरू होने से लोगों को पार्सल भेजने के लिए रेलवे स्टेशन जाने और वहां बुकिंग की प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं होगी। शुरुआत में यह सेवा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में उपलब्ध कराने की योजना है। बाद में इसे अन्य शहरों तक भी विस्तार दिया जाएगा।
मोबाइल और वेबसाइट से होगी बुकिंग
प्रस्तावित ऐप एंड्रॉइड और आईओएस मोबाइल फोन के साथ वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा। ग्राहक मोबाइल नंबर से पंजीकरण करने के बाद पार्सल का वजन, सामान का विवरण, भेजने और प्राप्त करने का पता दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद उपलब्ध लॉजिस्टिक्स कंपनियों में से अपनी पसंद की सेवा चुन सकेंगे।
रेल भाड़े के साथ सामान को घर से उठाने और गंतव्य तक पहुंचाने का शुल्क भी एक साथ जमा किया जा सकेगा। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे विकल्प मिलेंगे। ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार पैकिंग और अन्य अतिरिक्त सुविधाएं भी चुन सकेंगे।
10 अंकों के नंबर से मिलेगी जानकारी
बुकिंग पूरी होने के बाद प्रत्येक पार्सल को 10 अंकों का विशिष्ट ट्रैकिंग नंबर दिया जाएगा। इसके जरिए ग्राहक सामान की स्थिति जान सकेंगे। पार्सल के ट्रेन में लोड होने, गंतव्य स्टेशन पहुंचने और डिलीवरी के लिए तैयार होने पर मोबाइल पर सूचना मिलेगी। सामान प्राप्त करने के दौरान ओटीपी सत्यापन भी किया जाएगा। रेलवे के नियमों के अनुसार पात्र पार्सल के लिए बीमा का विकल्प भी उपलब्ध होगा।
ग्राहक ट्रेन के रवाना होने से अधिकतम 15 दिन पहले और कम से कम एक दिन पहले तक बुकिंग कर सकेंगे। हालांकि, यह सुविधा उपलब्ध जगह और निर्धारित नियमों पर निर्भर करेगी। सामान उठाने से पहले बुकिंग रद्द करने पर नियमानुसार रेल भाड़े की वापसी की जाएगी। घर से पिकअप और डिलीवरी के शुल्क की वापसी संबंधित कंपनी की शर्तों के मुताबिक होगी।
व्यापारियों और किसानों को मिलेगा लाभ
नई व्यवस्था से छोटे कारोबारियों, किसानों, कारीगरों और ऑनलाइन कारोबार करने वालों को अपने उत्पाद दूसरे शहरों तक भेजने में सुविधा मिल सकती है। उन्हें सामान पहुंचाने के लिए स्वयं रेलवे स्टेशन जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर से पिकअप और गंतव्य तक डिलीवरी की सुविधा मिलने से रेल परिवहन का इस्तेमाल भी आसान हो सकता है।
लॉजिस्टिक्स कंपनियां निर्धारित शर्तों के तहत एफबीडी पोर्टल के वर्चुअल एग्रीगेशन प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगी। इससे ग्राहकों को अलग-अलग सेवा प्रदाताओं में से विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा। हालांकि, पार्सल में सामान की सही जानकारी देना और उसे सुरक्षित पैक करना जरूरी होगा। ज्वलनशील, विस्फोटक, खतरनाक और प्रतिबंधित वस्तुओं को भेजने की अनुमति नहीं होगी।