समता कॉलोनी स्थित मकान पर सुबह 7 बजे पहुंची जांच टीम, 9 बजे लौटी; आरोपी फिलहाल रायगढ़ जेल में बंद
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच में जुटी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार सुबह रायपुर में एक बार फिर कार्रवाई की। जांच एजेंसी की टीम ने समता कॉलोनी निवासी मोहित सोमानी के घर दबिश देकर करीब दो घंटे तक तलाशी ली। सुबह 7 बजे पहुंची टीम ने 9 बजे तक जांच की और इसके बाद वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमोटरों से सट्टा आईडी लेकर आगे दूसरे लोगों को उपलब्ध कराने से जुड़े मामले में की गई है। हालांकि, कार्रवाई को लेकर CBI की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मोहित सोमानी फिलहाल रायगढ़ जेल में बंद है। उसे रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में गोवा के कैंडोलिम बीच क्षेत्र स्थित एक किराए के विला से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की आईडी छोटे खाईवालों और खिलाड़ियों तक पहुंचाने का काम करता था।
सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों पर नजर
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप प्रकरण की जांच के दौरान एजेंसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में पैनल ऑपरेटरों सहित कुछ अन्य संदिग्धों पर भी कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, संभावित गिरफ्तारियों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
देशभर में फैला था अवैध कारोबार
जांच एजेंसियों के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जाता था। इसका नेटवर्क देश के अलग-अलग हिस्सों में फैला हुआ था और संचालन विदेश से किए जाने की बात सामने आई है। सट्टेबाजी के लिए फ्रेंचाइजी मॉडल की तर्ज पर पैनल और शाखाएं बनाई गई थीं। इनके माध्यम से लोगों को जोड़ा जाता था और उनसे रकम जमा कराई जाती थी।