आउटलुक, टीम्स और कोपायलट समेत कई प्लेटफॉर्म प्रभावित, 74 देशों में करोड़ों यूजर्स का कामकाज बाधित; कंपनी की बहाली की कोशिशें जारी
शिकागो। दुनिया की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट की कई ऑनलाइन सेवाएं तकनीकी खराबी के कारण करीब 12 घंटे तक प्रभावित रहीं। इस व्यवधान से दुनियाभर में करोड़ों यूजर्स का डिजिटल कामकाज प्रभावित हुआ। ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और क्लाउड पर दस्तावेज सुरक्षित रखने जैसी सुविधाएं बाधित होने से दफ्तरों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य संगठनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आउटेज की जानकारी देने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर पर माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक को लेकर 1.40 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। शुरुआती एक घंटे में ही इस तकनीकी समस्या का प्रभाव 74 देशों तक पहुंच गया था। भारत में भी बड़ी संख्या में यूजर्स ने ईमेल लॉगिन, संदेश भेजने और प्राप्त करने में परेशानी की शिकायत की। 12 नवंबर की रात करीब 11:42 बजे शिकायतों का आंकड़ा 2,157 तक पहुंच गया। अगले दिन सुबह भी करीब 1,960 शिकायतें दर्ज हुईं।
कई महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म हुए प्रभावित
इस तकनीकी व्यवधान की चपेट में आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स, शेयरपॉइंट ऑनलाइन, कोपायलट 365, प्लानर, एक्सचेंज ऑनलाइन और माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर जैसी सेवाएं आईं। इसके चलते कई अस्पतालों में ऑनलाइन परामर्श, स्कूलों में वर्चुअल कक्षाएं और कंपनियों में कारोबारी गतिविधियां प्रभावित हुईं। कुछ संस्थानों में ऑर्डर प्रोसेसिंग और आंतरिक संवाद का काम भी रुक गया।
सॉफ्टवेयर अपडेट को बताया वजह
माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, इस समस्या की मुख्य वजह सॉफ्टवेयर अपडेट में आई तकनीकी गड़बड़ी है। कंपनी ने साइबर हमले या हैकिंग की आशंका से इनकार किया है। समस्या दूर करने के लिए किए गए शुरुआती बदलाव अपेक्षित परिणाम नहीं दे सके। अब कंपनी वैकल्पिक तकनीकी उपायों का परीक्षण कर रही है, ताकि सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव डाले बिना सेवाएं बहाल की जा सकें।
दुनिया की बड़ी कंपनियां निर्भर
माइक्रोसॉफ्ट 365 का इस्तेमाल दुनियाभर में 43 करोड़ से अधिक लोग करते हैं। करीब 30 से 40 लाख कंपनियां अपने नियमित कामकाज के लिए इस प्लेटफॉर्म पर निर्भर हैं। ऐसे में इस तरह की तकनीकी बाधा का असर केवल ईमेल और मीटिंग तक सीमित नहीं रहता, बल्कि ऑनलाइन खरीदारी, अकाउंट वेरिफिकेशन और अन्य डिजिटल सेवाओं पर भी पड़ता है।