हैदराबाद में बाइक रैली में हुए शामिल, बोले- भाजपा बड़े उद्योगपतियों को पहुंचा रही फायदा; तेलंगाना में 10 लाख का हेल्थ और 5 लाख का दुर्घटना बीमा देने की घोषणा
हैदराबाद (ए)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस गिग वर्कर्स से 24 घंटे काम कराकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस उन्हें केवल कामगार नहीं, बल्कि आर्थिक व्यवस्था का भागीदार बनाना चाहती है। कांग्रेस चाहती है कि इन कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा मिले।
हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने तेलंगाना के गिग वर्कर्स के लिए राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गिग वर्कर को 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा राइड और डिलीवरी के प्रत्येक ट्रांजेक्शन पर 1 प्रतिशत राशि उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए बैंक खाते में जमा कराने की व्यवस्था की बात कही।
राहुल गांधी ने कहा कि काम के दौरान दुर्घटना या बीमारी होने पर गिग वर्कर्स के साथ उनके परिवारों को भी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए सरकार सुरक्षा का इंतजाम कर रही है। उन्होंने बताया कि शहरों में दिनभर काम करने वाले डिलीवरी कर्मचारियों और अन्य गिग वर्कर्स के लिए विश्राम केंद्र भी बनाए जाएंगे, ताकि उन्हें आराम करने की सुविधा मिल सके।
उन्होंने गिग वर्कर्स के डेटा अधिकारों को भी महत्वपूर्ण बताया। राहुल के मुताबिक, अब कर्मचारी अपने काम, राइड और डिलीवरी से जुड़ी पूरी जानकारी मोबाइल फोन पर देख सकेंगे। पहले कंपनियों के पास कर्मचारियों के काम का पूरा डेटा रहता था, लेकिन संबंधित कर्मचारियों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाती थी। नई व्यवस्था के जरिए उन्हें अपने काम से जुड़े डेटा पर अधिकार मिलेगा।
इससे पहले राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गिग वर्कर्स की बाइक रैली में शामिल हुए। कार्यक्रम में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब चालक और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। राहुल गांधी हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट के दूसरे दिन के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।