FSSAI ने असली डेयरी उत्पादों के लिए तय किया नीले बॉक्स में सफेद बूंद वाला लोगो, 1 जुलाई 2028 से सभी कंपनियों के लिए होगा अनिवार्य
नई दिल्ली (ए)। दूध, दही, पनीर और घी जैसे डेयरी उत्पाद खरीदने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब बाजार में असली डेयरी उत्पादों की पहचान करना पहले से आसान होगा। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दूध और उससे तैयार होने वाले उत्पादों के पैकेट पर एक विशेष पहचान चिह्न लगाने का निर्देश दिया है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य असली दूध से बने उत्पादों और वनस्पति आधारित विकल्पों के बीच अंतर स्पष्ट करना है, ताकि ग्राहक खरीदारी के समय सही उत्पाद का चुनाव कर सकें।
नए नियम के तहत डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग पर नीले रंग के चौकोर बॉक्स में सफेद रंग की बूंद का लोगो छापना अनिवार्य होगा। इसके लिए कंपनियों को अपनी पैकेजिंग में आवश्यक बदलाव करने का समय दिया गया है। 1 जुलाई 2028 से यह व्यवस्था पूरी तरह लागू हो जाएगी। इसके बाद डेयरी उत्पाद बनाने वाली कंपनियों को निर्धारित लोगो पैकेट पर प्रदर्शित करना होगा।
नकली और विकल्प वाले उत्पादों से होगी पहचान
अब तक दूध, दही और पनीर जैसे उत्पादों के पैकेट पर ऐसा कोई साझा पहचान चिह्न नहीं था, जिससे ग्राहक आसानी से समझ सकें कि उत्पाद वास्तविक दूध से बना है या प्लांट-बेस्ड विकल्प है। सोया मिल्क और एनालॉग पनीर जैसे उत्पादों के बीच अंतर समझने में उपभोक्ताओं को परेशानी होती थी। नए लोगो से इस भ्रम को दूर करने में मदद मिलेगी।
2028 से लागू होगी नई व्यवस्था
FSSAI ने खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और लेबलिंग से संबंधित वर्ष 2020 के नियमों में संशोधन किया है। अधिसूचना जारी होने के बाद कंपनियों को नई व्यवस्था अपनाने के लिए 1 जुलाई 2028 तक का समय दिया गया है। इस तारीख के बाद दूध, दही, पनीर, घी, मक्खन, फ्लेवर्ड मिल्क और आइसक्रीम सहित दूध से तैयार होने वाले उत्पादों पर निर्धारित लोगो लगाना जरूरी होगा।
पैकेट के आकार के अनुसार होगा लोगो
नए लोगो का स्वरूप नीले चौकोर बॉक्स के भीतर सफेद बूंद जैसा होगा। इसे पैकेट के सामने वाले हिस्से में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना होगा। उपभोक्ताओं को आसानी से दिखाई देने के लिए लोगो का न्यूनतम आकार भी निर्धारित किया गया है। पैकेट का आकार जितना बड़ा होगा, उस पर लोगो का आकार भी उसी अनुपात में रखना होगा। इससे दुकानों में रखे उत्पादों की पहचान करना अधिक सुविधाजनक होगा।