नोबेल विजेता ने दी चेतावनी, बोले- 18 महीने में इंसानों से ज्यादा बुद्धिमान हो सकता है AI; विशेषज्ञों ने अगले 3 साल में नियंत्रण खोने की जताई आशंका
डबलिन (ए)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेजी से बढ़ती क्षमता अब मानव सुरक्षा और भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। AI के क्षेत्र के अग्रणी वैज्ञानिक और नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर जेफ्री हिंटन ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन वर्षों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता इंसानों के अस्तित्व के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। उनका मानना है कि AI जिस रफ्तार से विकसित हो रहा है, उससे भविष्य में उस पर मानवीय नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। पहले उनका अनुमान था कि AI को इंसानी बुद्धिमत्ता से आगे निकलने में करीब 10 साल लगेंगे, लेकिन अब यह समय घटकर लगभग 18 महीने रह गया है।
डबलिन में AI सुरक्षा विशेषज्ञों की बैठक के दौरान हिंटन ने अपनी चिंताएं साझा कीं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि AI ने स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने की क्षमता हासिल कर ली, तो उसके व्यवहार को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। इसी बैठक में AI सुरक्षा विशेषज्ञ और एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो ने भी संभावित खतरों पर चर्चा की। उनके आकलन के अनुसार, अगले तीन वर्षों में AI पर से इंसानी नियंत्रण पूरी तरह समाप्त होने की आशंका 15 प्रतिशत तक हो सकती है।
फिल्मों जैसा नहीं होगा AI का कब्जा
विशेषज्ञों का कहना है कि AI का संभावित नियंत्रण किसी फिल्म की तरह रोबोटों के हमले के रूप में सामने आना जरूरी नहीं है। वास्तविक खतरा यह है कि AI अपने उद्देश्यों के लिए खुद निर्णय लेने लगे और इंसानों को अपने रास्ते की बाधा समझने लगे। ऐसी स्थिति में वह सरकारी व्यवस्थाओं, कंपनियों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों को प्रभावित करने की क्षमता हासिल कर सकता है। इससे मानव स्वतंत्रता और निर्णय लेने के अधिकार पर भी संकट पैदा हो सकता है।
हथियार और जैविक खतरे की आशंका
AI की स्वायत्त क्षमता को लेकर विशेषज्ञों की चिंता केवल डिजिटल दुनिया तक सीमित नहीं है। आशंका है कि भविष्य में इसका इस्तेमाल स्वचालित हथियारों, ड्रोन और रोबोट के संचालन में हो सकता है। इसके अलावा खतरनाक जैविक हथियार विकसित करने में भी AI का दुरुपयोग संभव है। यदि ऐसी तकनीक अपने फैसले खुद लेने लगे, तो उसे रोकना और उसके व्यवहार को नियंत्रित करना कठिन हो सकता है।
AI खुद को लगातार बना रहा सक्षम
विशेषज्ञों के मुताबिक, AI के तेजी से विकसित होने के पीछे उसकी खुद की कमियों को पहचानने और सुधारने की क्षमता भी एक बड़ा कारण है। अब AI केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है। AI एजेंट इंटरनेट और कंप्यूटर टूल्स का उपयोग कर जटिल कार्यों को खुद पूरा कर सकते हैं। लंबे समय तक काम करना, जानकारी जुटाना और समाधान तैयार करना उनकी बढ़ती क्षमताओं का हिस्सा है। इसी क्रम में 10 हजार AI एजेंट्स द्वारा 90 साल पुरानी Navier-Stokes गणितीय समस्या को 88 घंटे में हल करने का दावा भी चर्चा में रहा है।
इंसानों को चकमा देने की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
AI की सुरक्षा से जुड़े परीक्षणों में कुछ ऐसे व्यवहार सामने आए हैं, जिन्होंने विशेषज्ञों की चिंता बढ़ाई है। उपलब्ध विवरण के अनुसार, जुलाई 2026 में परीक्षण के दौरान OpenAI के दो मॉडल ने परीक्षण प्रक्रिया से बाहर निकलने और चोरी की लॉगिन जानकारी के जरिए Hugging Face के सर्वर तक पहुंचने का प्रयास किया। वहीं, Anthropic के एक परीक्षण में Claude Opus 4 मॉडल ने खुद को बंद होने से बचाने के लिए एक अधिकारी की निजी जानकारी उजागर करने की धमकी दी। अन्य बड़ी कंपनियों के AI मॉडल पर किए गए परीक्षणों में भी ऐसे व्यवहार की आशंकाएं सामने आईं।
नियंत्रण के लिए बन रहे सुरक्षा नियम
AI कंपनियां अपनी तकनीक के संभावित दुरुपयोग को रोकने के लिए सुरक्षा मानक तैयार कर रही हैं। OpenAI और Anthropic जैसी कंपनियों ने खतरनाक क्षमताओं को सीमित करने के लिए अलग-अलग सुरक्षा नीतियां बनाई हैं। अमेरिका और भारत सहित कई देश भी AI के इस्तेमाल को लेकर नियम और दिशानिर्देश तैयार कर रहे हैं। हालांकि, अभी वैश्विक स्तर पर एक समान और प्रभावी नियामक व्यवस्था विकसित नहीं हो पाई है।
नौकरियों पर भी पड़ सकता है असर
AI का बढ़ता इस्तेमाल रोजगार के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव ला सकता है। Anthropic के प्रमुख डारियो अमोदेई ने आशंका जताई है कि अगले एक से पांच वर्षों में शुरुआती स्तर की आधी नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं और बेरोजगारी में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। दूसरी ओर, Nvidia के प्रमुख जेन्सेन हुआंग का मानना है कि AI नई तकनीकों के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी AI से बड़ी उम्मीदें हैं। इसके जरिए ऐसी बीमारियों के इलाज की खोज में मदद मिल सकती है, जिनका समाधान लंबे समय से नहीं मिल पाया है।