फल खरीदने के दौरान युवक से मारपीट कर छीना था 10 हजार रुपए से भरा पर्स, नकदी और पल्सर बाइक बर
वारदात के बाद फरार होने वाले दो लुटेरे पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं सके। धमतरी के सांकरा मोड़ पर फल खरीदने के लिए रुके युवक को निशाना बनाकर बदमाशों ने मारपीट की और नकदी समेत जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स लूट लिया था। पीड़ित द्वारा बाइक का नंबर नोट कर लेने से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। अर्जुनी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 13 नवंबर की दोपहर की है। ग्राम गातापार निवासी शीतल कुमार साहू (28) मोटरसाइकिल से अपने ससुराल ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1:20 बजे सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास वे फल खरीदने के लिए रुके।
तभी पल्सर बाइक से पहुंचे दो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शीतल ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए उन्हें धमकाया और जेब में रखा पर्स छीनकर भाग गए। पर्स में 10 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड रखे हुए थे।
पीड़ित की शिकायत पर अर्जुनी पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान शीतल द्वारा बाइक का नंबर CG 05 AU 8630 नोट किए जाने की जानकारी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई। बाइक नंबर और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा के दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा।
पुलिस पूछताछ में नितिन साहू और संदीप सोरी उर्फ विनय ने लूट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। दोनों ने बताया कि लूट के 10 हजार रुपए आपस में 5-5 हजार बांट लिए थे। बाद में कुछ रकम खर्च कर दी और पर्स सहित उसमें रखे दस्तावेजों को फेंक दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नितिन साहू से 2450 रुपए और संदीप सोरी से 1250 रुपए बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक भी जब्त कर ली गई। इस तरह पुलिस ने कुल 3700 रुपए नकद और बाइक बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में नितिन साहू (25) और संदीप सोरी उर्फ विनय (18), दोनों निवासी ग्राम सांकरा शामिल हैं। पुलिस ने 14 नवंबर को दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।