कैग की ऑडिट रिपोर्ट में खुलासा, पांच साल में बीआईएस नहीं कर पाया नियमित निरीक्षण; ग्राहकों को मिलावटी सोना मिलने का खतरा
सोने की शुद्धता की गारंटी देने वाली सरकारी व्यवस्था की निगरानी पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की जांच में सामने आया है कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) हॉलमार्क वाले सोने की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित निरीक्षण नहीं कर पा रहा है। पिछले पांच वर्षों में 80 फीसदी से अधिक पंजीकृत ज्वैलर्स की दुकानों की जांच नहीं की गई। इस लापरवाही से सोना खरीदने वाले ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की आशंका बढ़ गई है।
नई दिल्ली (ए)। देश में सोने की शुद्धता प्रमाणित करने वाली सरकारी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर कैग ने गंभीर सवाल उठाए हैं। कैग की ड्राफ्ट ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) बाजार में बिक रहे हॉलमार्क सोने की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने में नाकाम रहा है। नियमों के अनुसार, बीआईएस को प्रत्येक पंजीकृत ज्वैलर की दुकान का साल में कम से कम एक बार निरीक्षण करना जरूरी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्राहकों को निर्धारित शुद्धता वाला सोना ही बेचा जा रहा है।
इसके बावजूद वर्ष 2020-21 से पिछले पांच वर्षों के दौरान 80 फीसदी से अधिक पंजीकृत ज्वैलर्स के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण नहीं किया गया। रिपोर्ट में इस व्यवस्था की खामियों को उजागर किया गया है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से अंतिम प्रतिक्रिया मिलने के बाद रिपोर्ट संसद में पेश किए जाने की संभावना है।
निरीक्षण के आंकड़े बता रहे निगरानी की स्थिति
देश के 392 जिलों में बिना हॉलमार्क वाला सोना बेचना प्रतिबंधित है। इसके चलते करीब 2.3 लाख ज्वैलरी दुकानों ने बीआईएस में पंजीकरण कराया है। वर्ष 2024-25 में कुल 28,865 लाइसेंसधारक ज्वैलर्स में से केवल 5,444 की दुकानों का निरीक्षण किया गया। यानी करीब 81 फीसदी प्रतिष्ठान जांच के दायरे से बाहर रहे।
जांच केंद्रों की निगरानी में भी पिछड़ा बीआईएस
सोने और चांदी के आभूषणों की शुद्धता जांचने वाले असेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर (एएचसी) भी निगरानी के मामले में पीछे रहे। इन्हीं केंद्रों पर आभूषणों की जांच के बाद छह अंकों का विशिष्ट हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (एचयूआईडी) नंबर जारी किया जाता है। कैग के अनुसार, इन केंद्रों के निरीक्षण में भी बीआईएस निर्धारित लक्ष्य से करीब 44 फीसदी पीछे रहा।
कर्मचारियों की कमी का दिया हवाला
निरीक्षण में कमी को लेकर बीआईएस ने कैग के सामने कर्मचारियों की कमी और दूरदराज के क्षेत्रों से नमूने जुटाने में आने वाली कठिनाइयों का हवाला दिया। हालांकि, कैग ने इन कारणों को पर्याप्त नहीं माना। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि निगरानी व्यवस्था कमजोर होने से हॉलमार्क प्रमाणन की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है और उपभोक्ताओं के हितों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।