यूपी के 21 जिलों में घने कोहरे का असर, राजस्थान में बारिश के बाद सर्दी तेज; बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा
देश के कई राज्यों में मौसम ने एक साथ करवट ली है। दिल्ली में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, वहीं उत्तराखंड के चारों धामों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। उत्तर प्रदेश में घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित किया है, जबकि राजस्थान में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा दबाव चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।
नई दिल्ली (ए)। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। सोमवार सुबह 7:31 बजे AQI 800 दर्ज किया गया। AQI.in के अमेरिकी मानक के अनुसार हवा की गुणवत्ता खतरनाक श्रेणी में रही। सुबह के समय पूरी दिल्ली धुंध की चादर में लिपटी नजर आई। इस दौरान तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। रविवार देर रात केदारनाथ में हिमपात हुआ। इससे पहले बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई थी। पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ी ठंड का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है।
उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह मौसम का असर साफ नजर आया। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं नोएडा और गाजियाबाद समेत 10 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार पहुंच गया।
राजस्थान में पिछले दो दिनों से हुई बारिश के बाद सर्दी का असर बढ़ गया है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। मध्य प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
चक्रवाती तूफान का खतरा, चार राज्यों में बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव मंगलवार शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश के तट की ओर पहुंचने की आशंका है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।