फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला स्थान, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में राज्य को दूसरा स्थान; बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा भी सम्मानित
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में राज्य को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में प्रदेश ने देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिला। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।
रायपुर। शहरी क्षेत्रों में छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है। इनमें राज्य स्तर के दो पुरस्कारों के अलावा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों की उपलब्धियां शामिल हैं।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 समारोह आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में प्रदेश को दूसरा स्थान मिला। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार प्राप्त किए।
डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने में भी छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने बेहतर प्रदर्शन किया। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका परिषद को देश में पहला और दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद को दूसरा स्थान मिला। वहीं, एक लाख से 10 लाख तक की जनसंख्या वाले नगरीय निकायों में बिलासपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि के पीछे पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ने, उन्हें बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए किए गए प्रयास अहम रहे हैं। योजना के माध्यम से छोटे दुकानदारों और सड़क किनारे व्यवसाय करने वालों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम बनी है। पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता और सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य के साथ तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान मिलना स्थानीय स्तर पर किए जा रहे समर्पित प्रयासों का परिणाम है। पीएम स्वनिधि के जरिए पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल भुगतान और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह सम्मान नगरीय निकायों को इस दिशा में और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे। इस दौरान नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णा राव भी शामिल हुए।