आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में बोले प्रधानमंत्री, पहले कंपनी को लाल झंडा दिखाकर रोका गया था; हमारी पहल से निवेश और उत्पादन को मिली गत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 50 साल पहले देश में चिप निर्माण की पहल का विरोध किया गया था। उस समय सवाल उठाए गए थे कि जब दूसरे देश सेमीकंडक्टर बना रहे हैं तो भारत को इसकी क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पुरानी सोच की परवाह किए बिना इस क्षेत्र में निवेश का रास्ता खोला। आज देश में सेमीकंडक्टर से जुड़ी 12 प्लांट फैसिलिटीज विकसित हो चुकी हैं और कई इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो गया है।
खड़गपुर (ए)। भारत को तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सेमीकंडक्टर उद्योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस यानी प्लेटिनम जुबली समारोह में देश की इस प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लगभग पांच दशक पहले भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए एक कंपनी आई थी, लेकिन उस समय उसका विरोध किया गया और उसे लाल झंडा दिखाकर रोक दिया गया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तब यह सवाल उठाया गया था कि जब दूसरे देश चिप का निर्माण कर रहे हैं तो भारत को इस क्षेत्र में उतरने की क्या आवश्यकता है। लेकिन उन्होंने ऐसी सोच की परवाह नहीं की। अपने कार्यकाल में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक फाइलें तैयार करवाईं और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने की पहल की। इसका परिणाम है कि पिछले चार वर्षों में कई कंपनियां इस क्षेत्र में आईं और उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ीं।
देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट फैसिलिटीज
मोदी ने बताया कि वर्तमान में देश में सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़ी 12 प्लांट फैसिलिटीज हैं। इनमें माइक्रोन टेक्नोलॉजी, केन्स सेमीकॉन, सीजी सेमी, कॉन्टिनेंटल डिवाइस इंडिया और सुचि सेमीकॉन जैसी कंपनियों में उत्पादन शुरू हो चुका है। उन्होंने इसे भारत की तकनीकी क्षमता और औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक का सफर
आईआईटी खड़गपुर के ऐतिहासिक महत्व पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती ने राष्ट्रीय आंदोलन को दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जिस स्थान पर आज यह प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित है, वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को नजरबंद रखने के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। ऐसे ऐतिहासिक परिसर में स्थापित इस संस्थान ने देश के विकास में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि 75 वर्षों में भारत ने तकनीक और जीवनशैली के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया है। देश ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक और डाक पत्रों से सोशल मीडिया तक का बदलाव देखा है। इस यात्रा में आईआईटी खड़गपुर जैसे संस्थानों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
चुनौतियों का सामना करने का साहस जरूरी
करीब 23 मिनट के संबोधन में प्रधानमंत्री ने नवाचार, तकनीकी विकास और युवाओं की भूमिका पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि किसी देश की वास्तविक क्षमता का आकलन इस बात से होता है कि वह कितनी बड़ी चुनौतियों का सामना करने और उन्हें अवसर में बदलने का साहस रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और पूर्व छात्रों को संस्थान की प्लेटिनम जुबली की बधाई दी।
मोदी ने कहा कि आईआईटी की जिंदगी से जुड़ी यादें लंबे समय तक साथ रहती हैं। पूर्व विद्यार्थी जब मिलते हैं तो संस्थान के दिनों को चाय पर चर्चा के दौरान याद करते हैं। उन्होंने संस्थान के गौरवशाली इतिहास और भविष्य की संभावनाओं को लेकर भी अपनी बात रखी।