मुंबई में चार नेताओं पर एफआईआर, हैदराबाद में 21 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए; सोशल मीडिया अकाउंट बंद करने के विरोध में किया था प्रदर्शन
विपक्षी नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट निलंबित किए जाने के विरोध में इंडियन यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन हिंसक हो गया। मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में मेटा के कार्यालयों के बाहर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। हैदराबाद में प्रदर्शनकारी कार्यालय के भीतर तक पहुंच गए और तोड़फोड़ की, जबकि मुंबई में भवन के शीशे पर नारे लिखे गए। मामले में मुंबई पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा के इशारे पर विपक्षी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए गए।
मुंबई (ए)। सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर विपक्षी नेताओं के अकाउंट निलंबित किए जाने के विरोध में इंडियन यूथ कांग्रेस ने मेटा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में संगठन के कार्यकर्ताओं ने मेटा कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। हैदराबाद में प्रदर्शनकारी कार्यालय परिसर में प्रवेश कर गए और वहां हंगामा किया। मुंबई में भवन के शीशे पर आपत्तिजनक नारा लिखा गया, जबकि गुरुग्राम में कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया।
मुंबई पुलिस ने इस मामले में शनिवार को यूथ कांग्रेस के चार नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग एकत्र हुए थे। प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने भवन के शीशे पर ‘आरएसएस का बेटा मेटा’ लिख दिया, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
चार नामजद, 15 से 20 अज्ञात महिलाएं भी आरोपी
पुलिस ने जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर को नामजद किया है। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं 37(3) और 135 तथा महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की गई है।
हैदराबाद में कार्यालय के भीतर पहुंचे प्रदर्शनकारी
तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद स्थित मेटा कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी कार्यालय के गलियारों और कैफेटेरिया तक पहुंच गए। घटना के बाद पुलिस ने करीब 20 से 21 लोगों को हिरासत में लिया। लगभग तीन घंटे बाद सभी को छोड़ दिया गया।
अकाउंट बंद होने के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप
यूथ कांग्रेस का आरोप है कि 19 नवंबर को भाजपा के इशारे पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट निलंबित किए गए थे। इसी के विरोध में संगठन ने मेटा कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन ने सोशल मीडिया मंच के सामने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों के कार्यालय पहुंचने के करीब 15 मिनट बाद दोनों नेताओं के अकाउंट फिर से बहाल कर दिए गए।
मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम
यूथ कांग्रेस ने मेटा के सामने चार मांगें रखी हैं। संगठन ने पिछले छह महीनों में सरकार के निर्देश पर बंद किए गए भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट की संख्या और वर्तमान में प्रतिबंधित खातों का विवरण मांगा है। संगठन ने सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि इस अवधि में विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटाई गईं तो देशभर में मेटा कार्यालयों के बाहर आंदोलन किया जाएगा।