मनोज वर्मा, दीपक जायसवाल जैसे अनुभवी नेताओं के साथ खेम कुमार और संतोष साहू जैसे नए चेहरों को भी मिली जगह, 14 विभागों के लिए होंगे अध्यक्ष
रायपुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (MIC) की नई सूची जारी कर दी गई है। इस बार के गठन में सीनियर और नए पार्षदों के बीच संतुलन साधते हुए अनुभव और ऊर्जा का संगम दिखा है। विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी नए MIC सदस्यों को सौंपी जाएगी।
रायपुर। रायपुर नगर निगम में मेयर इन काउंसिल (MIC) के सदस्यों की औपचारिक घोषणा हो चुकी है। इस बार MIC में अनुभवी पार्षदों के साथ-साथ नए चेहरों को भी शामिल किया गया है, जिससे एक संतुलित समीकरण बनता दिखाई दे रहा है। पूर्व उपनेता प्रतिपक्ष मनोज वर्मा, वरिष्ठ पार्षद दीपक जायसवाल और सरिता दुबे जैसे सीनियर पार्षदों को एक बार फिर अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, पहली बार पार्षद बने खेम कुमार सेन और संतोष साहू जैसे नए चेहरों को भी टीम में जगह दी गई है, जो युवा नेतृत्व की ओर इशारा करता है।
रायपुर नगर निगम में कुल 70 वार्ड पार्षद हैं, जिनके अनुपात में 20 प्रतिशत पद MIC के लिए निर्धारित किए जाते हैं। इस आधार पर निगम में 14 विभाग बनाए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी एक MIC सदस्य को दी जाएगी। प्रमुख विभागों में जल आपूर्ति, स्वास्थ्य, राजस्व, वित्त, उद्यान, संस्कृति, नगर निवेश और लोक निर्माण शामिल हैं। हर विभाग का नेतृत्व एक MIC अध्यक्ष के रूप में किया जाएगा।
नगर निगम में MIC सदस्यों की भूमिका राज्य कैबिनेट के मंत्रियों जैसी होती है। इन सदस्यों को विभागीय योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की निगरानी व दिशा-निर्देशन का अधिकार होता है। MIC का गठन महापौर के अधिकार क्षेत्र में आता है और वह ही सदस्यों का चयन करता है। नए MIC गठन से नगर निगम के कामकाज में नई दिशा और गति आने की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना होगा कि यह नई टीम नगर विकास में क्या नया बदलाव लेकर आती है।