30 किलो वजनी क्रेन की स्प्रिंग टूटकर मजदूर के कंधे पर गिरी, अस्पताल से जल्द छुट्टी मिलने पर उठे सवाल
भिलाई स्टील प्लांट एक बार फिर सुरक्षा लापरवाही के कारण चर्चा में है। प्लेट मिल में काम के दौरान भारी क्रेन की स्प्रिंग टूटकर एक मजदूर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मजदूर यूनियन ने प्रबंधन पर आरोप लगाया कि घायल को जल्द छुट्टी देकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार रात एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों की पोल खुल गई, जब प्लेट मिल के अंदर क्रेन नंबर 34 के नीचे एक बड़ा हादसा हो गया। वहां कार्यरत मजदूर लक्ष्मण प्रसाद (45) के ऊपर क्रेन की भारी स्प्रिंग टूटकर गिर गई, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8 बजे जब मिल में काम चल रहा था, तभी क्रेन की एक स्प्रिंग अचानक टूट गई और लटकने लगी। मजदूरों ने समय रहते शोर मचाकर इस खतरे की ओर ध्यान दिलाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर देर से पहुंची। इस बीच, दो क्रेन ऑपरेटर बिना स्थिति को समझे क्रेन चलाने लगे, जबकि मजदूर नीचे कार्यरत था। जैसे ही क्रेन चालू हुई, स्टॉपर से स्प्रिंग का लगभग 30 किलोग्राम वजनी लोहे का टुकड़ा सीधा लक्ष्मण प्रसाद के कंधे पर गिरा। चोट इतनी तेज थी कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

मजदूरों ने तत्काल उसे मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सेक्टर 9 हॉस्पिटल रेफर किया गया। हालांकि कुछ घंटे बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। इस त्वरित डिस्चार्ज को लेकर मजदूर यूनियन और अन्य संगठनों ने बीएसपी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यूनियन का कहना है कि घायल को जल्द छुट्टी देकर घटना को दबाने का प्रयास किया गया। स्थानीय यूनियन सीटू समेत कई संगठनों ने इस हादसे को लेकर आक्रोश व्यक्त किया है और मांग की है कि सुरक्षा मानकों की तत्काल समीक्षा की जाए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।