सीसीटीवी फुटेज बना सुराग, आरोपी ने दो बार की थी आगजनी की कोशिश; व्यापारियों को हुआ भारी नुकसान
दुर्ग के हटरी बाजार में हुई भीषण आगजनी की घटना का खुलासा हो गया है। एक युवक द्वारा जानबूझकर मोपेड में लगाई गई आग ने पांच दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अब न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दुर्ग के गांधी चौक स्थित हटरी बाजार में हाल ही में हुई आगजनी की घटना में बड़ा खुलासा हुआ है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने मोपेड में आग लगाकर पांच दुकानों को जला डाला। पुलिस ने इस कार्रवाई को सीसीटीवी फुटेज के जरिए अंजाम दिया।
थाना प्रभारी विजय यादव ने जानकारी दी कि 16 मार्च की रात को हटरी बाजार में चार जूते-चप्पल की दुकानें और एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम जलकर राख हो गया था। इस आगजनी में व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
पुलिस को जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें एक युवक को आग लगाते देखा गया। पहचान के बाद पुलिस ने आरोपी नानू को गिरफ्तार किया, जो हटरी बाजार का ही निवासी है।
जांच में सामने आया कि नानू ने पहले एक मोपेड में आग लगाई थी, जिसे मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने बुझा दिया था। लेकिन जैसे ही टीम वहां से रवाना हुई, आरोपी दोबारा लौटा और फिर से मोपेड में आग लगा दी। इस बार उसने अतिरिक्त तेल और आसपास के कचरे का इस्तेमाल कर आग को फैलाया।
धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप लिया और वहां से पास की दुकानों तक फैल गई। देखते ही देखते पांच दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
घटना के बाद तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक व्यापारियों का बड़ा नुकसान हो चुका था।
इस घटना के बाद बाजार के व्यापारियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिस मौके पर कुछ देर और तैनात रहती, तो दूसरी बार आगजनी की घटना रोकी जा सकती थी।